राजेपुर/फर्रूखाबाद (संवाददाता) बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना राजेपुर प्रभारी निरीक्षक ने बुधवार को राजकिय बालिका इंटर कॉलेज पर परीक्षा के दौरान लगे फोर्स को चेक करते हुए तथा जनता इंटर कॉलेज खंडोली में परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर लगे फोर्स को चेक करते हुए प्रभारी निरीक्षक थाना राजेपुर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। 18 फरवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक राजेपुर सुदेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेते हुए केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सबसे पहले पुलिस टीम ने गंगा पार इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजेपुर पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। केंद्र व्यवस्थापकों से बातचीत कर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थियों की तलाशी प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता तथा परीक्षा कक्षों के बाहर सुरक्षा घेरा भी परखा गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल माफिया एवं अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रियता से परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और सुरक्षा का माहौल बना रहा तथा परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
